कुण्डलिनी योगी एक सच्चे क्वांटम वैज्ञानिक जैसा होता है, जो सूक्ष्म भौतिक दुनिया का मास्टर होता है

कुण्डलिनी योग ही आदमी की सीखने की और आगे बढ़ने की जिज्ञासा को पूरा कर सकता है

दोस्तों मैं पिछली पोस्ट में आत्मा की अंतरिक्ष-रूपता के बारे में बता रहा था। व्यवहार में देखने में आता है कि हरेक चीज नीचे से नीचे टूटती रहती है। अंत में सबसे छोटी चीज भी बनेगी जो नहीं टूटेगी। वह आकाश ही है। फिर सृष्टि के आरम्भ में पुनः जब इससे चीज बननी शुरु होएगी और पहली चीज बनेगी वह आकाश में आभासी तरंग ही होगी क्योंकि आकाश के इलावा कुछ भी नहीं था। इसके लिए एक ही तरीका है कि रनिंग या स्टेंडिंग वेव बना कर तरंग या कण जैसा दिखा दिया जाए। वैसे भी तरंग को कण के रूप में दिखा सकते हैं, कण को तरंग के रूप में नहीं। इससे भी सिद्ध होता है कि जगत का तरंग रूप ही सत्य है, कण या भौतिक रूप कल्पित व अवास्तविक है, जैसा शास्त्रों में हर जगह कहा गया है। मैं पिछली पोस्ट में भी बता रहा था कि जब मीडियम और पार्टिकल एक ही चीज हो और कण मीडियम के इलावा अन्य कुछ न हो तो पार्टिकल को भी वेव ही बोलेगे। हवा के अंदर पानी का कण बन सकता है, पर पानी के अंदर पानी का कण कैसे बन सकता है। एक ही तरीका है कि आभासी रनिंग या स्टेंडिंग वेव बना कर कण जैसा दिखा दिया जाए। इसलिए शास्त्रों में उस चिदाकाश अर्थात चेतन आकाश को नेति-नेति कह कर पुकारा गया है। नेति शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है, न और इति। न का मतलब नहीं, और इति का मतलब यह है। इसलिए नेति का मतलब हुआ, यह नहीं, मतलब यह परमात्मा नहीं है। जो भी दिखेगा, वह नेति ही माना जाएगा। सभी मूलकणों को भी नेति ही माना जाएगा, जब तक जो भी मिलते जाएंगे। अंत में जो अदृष्य जैसा काला आसमान बचेगा, वह भी नेति ही होगा। वह इसलिए क्योंकि उसे भी हम अन्य रूप में देख पा रहे हैं या जान पा रहे हैं। यदि काला या अचेतन आसमान अपने आप के रूप में अनुभव हो तो यह आत्मा नहीं है, क्योंकि अँधेरे आसमान में प्रकाशमान जगतरूपी तरंगें पैदा नहीं हो सकतीं। तरंग और तरंग का आधार एकदूसरे से अलग नहीं हो सकते जैसे तरंग सागर से अलग नहीं। इसलिए वही अपनी आत्मा का असली अनुभव हैं, जिसमें जगतरूपी विचार, दृश्य आदि तरंग की तरह अपृथक दिखें। किसी भी तरह का कोई भी विचार या भाव नेति ही माना जाएगा। अंत में ऐसा तत्त्व बचेगा, जिसकी तरफ हम इशारा नहीं कर पाएंगे, मतलब वह हमारा अपना आत्मरूप होएगा। क्योंकि हम उसे इति अर्थात यह कहकर सम्बोधित नहीं कर पाएंगे, इसलिए वह नेति भी नहीं हो सकता। नेति वही हो सकता है, जिसे हम इति कह पाते हैं। यह कुण्डलिनी जागरण के दौरान अनुभव होता है। अर्थात एक मानसिक अनुभूति में स्थित प्रकाश और चेतना उसके अनंत सागर के भीतर एक छोटी सी लहर है, असंबद्ध आधार माध्यम के अंदर एक कण के रूप में नहीं, भौतिक प्रयोगों और जागृति के अनुभवों के अनुसार। दोनों इसको पूरी तरह से साबित करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं। हालांकि अधिक दार्शनिकों और बुद्धिजीवियों के लिए जागृति का आंतरिक अनुभव ही काफी है। इससे बड़ा क्या प्रमाण होगा परमात्मा के बारे में। इसीलिए कहते हैं कि मौन ही ब्रह्म है। अधिकांश वैज्ञानिक व आधुनिकतावादी जो सोचते हैं कि फलां कण मिलेगा या फलां बल का पता चलेगा या फलां थ्योरी सिद्ध होएगी तो सम्भवतः ब्रह्माण्ड के सभी रहस्यों से पर्दा उठ जाएगा। पर ऐसा सच नहीं है। जो भी मिलेगा वह इति ही होगा, इसलिए नेति के दायरे में आएगा। कुछ न कुछ हमेशा बचा रहेगा ढूंढने को। मतलब सृष्टि के मूल का पता नहीं चलेगा। परम मूल मतलब परम आत्मा का पता तभी चलेगा जब कोई इति अर्थात अपने से अलग चीज न मिलकर अपना आत्म रूप महसूस होएगा। यह कुण्डलिनी योग से ही संभव है। इससे सिद्ध होता है कि कुण्डलिनी योग से ही सृष्टि के सभी रहस्यों से पर्दा उठ सकता है और वही आदमी की सीखने की और आगे बढ़ने की जिज्ञासा को पूरा कर सकता है। वही एक लम्बे अरसे की मानसिक प्यास बुझा सकता है।

जितने जीव उतने यूनिवर्स मतलब मल्टीवर्स

ब्रह्माण्ड तो चिदाकाश के अंदर विकाररहित तरंग की तरह है। यह बिल्कुल शुद्ध है ब्रह्म की तरह। जल और जलतरंग के बीच क्या अंतर हो सकता है। पर आदमी अपनी भावनाओं, मान्यताओं, व विचारों के साथ इसे रंग देता है। इसलिए यह ब्रह्माण्ड हरेक आदमी या जीव के लिए अलग है। इसीलिए कहते हैं कि सृष्टि बाहर कहीं नहीं, यह सिर्फ आदमी के मन की उपज है। यह बात पूरे योगवासिष्ठ ग्रंथ में अनेकों कहानियों और उदाहरणों से स्पष्ट की गई है। इसे ही हम मल्टीवर्स भी कह सकते हैं। कुण्डलिनी योग से जब मन की सोच व भावनाएँ शुद्ध होने से मन की चंचलता का शोर शांत हो जाता है, मतलब उनके प्रति आसक्ति नष्ट हो जाती है, तभी असली माने ओरिजिनल ब्रह्मरूपी ब्रह्माण्ड का अनुभव होता है, जिससे आदमी आत्मसंतुष्ट सा रहने लगता है । कुण्डलिनी ही अद्वैत है। अद्वैत ही जगत की सभी चीजों को एक जैसा व आत्म-आकाश में तरंग की तरह देखना है। क्वांटम वैज्ञानिक भी सूक्ष्म पदार्थों को इसी तरह अंतरिक्ष से अभिन्न, तरंगरूप व एकरूप देखता है। इलेक्ट्रोन तरंग और फोटोन तरंग अर्थात प्रकाश तरंग एक जैसी ही हैं। कण रूप में ही दोनों अलग-अलग दिखते हैं। मतलब कि तरंग-दृष्टि ही सत्य व अद्वैतपूर्ण है, जबकि कण-दृष्टि ही असत्य व द्वैतपूर्ण है। स्थूल जगत में भी सत्य दृष्टि यही तरंगदृष्टि है, क्योंकि सूक्ष्म पदार्थ ही आपस में जुड़कर स्थूल जगत का निर्माण करते हैं। कण वाली द्वैतपूर्ण दृष्टि मिथ्या, भ्रम से भरी, दुनिया में भटकाने वाली व दुःख देने वाली है, और यह आसक्ति के साथ दुनिया को देखने से पैदा होती है। यह ऐसे ही है जैसे अगर डबल स्लिट एक्सपेरिमेंट में मूलकणों को देखने की कोशिश करें, तो वे कण की तरह व्यवहार करते हैं, अन्यथा अपने असली तरंग के रूप में होते हैं। डबल मजा लेना हो तो डबल स्लिट के पास खड़े होकर कभी उसे तिरछी नजर से तनिक देख लो और कभी शर्मा कर मुंह फेर लो। हहा।

एक ही स्थान पर अनगिनत ब्रह्मान्डों मतलब पैरालेल यूनिवर्स का अस्तित्व

अनगिनत आयामों का अस्तित्व

क्योंकि भौतिक संसार अंतरिक्ष के अंदर एक आभासी तरंग है, इसलिए एक ही स्थान पर अनगिनत किस्म की आभासी तरंगें बन सकती हैं। हो सकता है कि एक किस्म की तरंग दूसरे किस्म की तरंग से बिल्कुल भी प्रतिक्रिया न करे। फिर तो एक ही स्थान पर एकसाथ अनगिनत स्वतंत्र ब्रह्माण्ड स्थित हो सकते हैं। इससे हो सकता है कि जहाँ मैं इस समय बैठा हूँ, बिल्कुल वहीं पर मतलब मेरे द्वारा घेरे हुए स्थान में ही ब्रह्माण्ड की सभी चीजें और ब्रह्माण्ड के सभी क्रियाकलाप मौजूद हों, क्योंकि किसी आयाम के ब्रह्माण्ड में कुछ होगा, तो किसी में कुछ, इस तरह अनगिनत ब्रह्मान्डों में सबकुछ कवर हो जाएगा। ऐसा भी हो सकता है कि इसी स्थान पर भरेपूरे अनगिनत ब्रह्माण्ड मौजूद हों, क्योंकि छोटा-बड़ा भी सापेक्ष ही होता है, वास्तविक नहीं। इसका मतलब है कि इस तरह से असंख्य आयामों का अस्तित्व है। उन्हें हम कभी जान ही नहीं सकते, क्योंकि जिस आभासी तरंग के आयाम में हमारा ब्रह्माण्ड स्थित है, वह दूसरे किस्म की आभासी तरंगों से निर्मित आयामों से बिल्कुल भी प्रभावित नहीं होगा। हो सकता है कि जो ग्रेट अट्रेक्टर माने महान आकर्षक बल ब्रह्माण्ड को गुब्बारे की तरह फुला रहा है, वह अज्ञात आयामों वाले अनगिनत व भारीभरकम ब्रह्मान्डों के रूप में हों। हम उसे अंतरिक्ष की इन्हेरेंट माने स्वाभाविक गुरुत्वाकर्षण शक्ति मान रहे हों, जबकि वह अदृष्य ब्रह्मान्डों से निर्मित हो रही हो।

पदार्थ के ड्यूल नेचर होने का व्यक्तिगत अनुभव रूपी वैज्ञानिक प्रयोग

एकबार मेरे हाथ पर आसमानी बिजली गिरने की एक चिंगारी टकराई थी। मुझे ऐसे महसूस हुआ कि किसी ने जोर से एक पत्थर मेरे हाथ की पिछली सतह पर मारा हो। यहाँ तक कि मैं इधरउधर देखने लगा कि किसने पत्थर मारा था। वह बिजली का चक्र लगभग दस मीटर दूर एक लोहे की चद्दर पर गिरा था जिसके आसपास बच्चे भी खेल रहे थे पर वे सौभाग्यवश सुरक्षित बच गए। अद्भुत बात कि उस लोहे की चद्दर पर खरोच तक नहीं आई थी, वह बिल्कुल पहले की तरह थी। कोई चीज वगैरह टकराने की भी कोई आवाज नहीं हुई। इसका मतलब है कि पदार्थ के मूल कण इलेक्ट्रोन ने मेरे हाथ पर कण की तरह व्यवहार किया, जबकि उसीने लोहे की चद्दर के ऊपर तरंग के रूप में व्यवहार किया। फोटोइलेक्ट्रीक इफेक्ट व डबल स्लिट एक्सपेरिमेंट तो बेजान पदार्थों वाला प्रयोग था, पर यह प्रयोग मैंने अपने जिन्दा शरीर के ऊपर महसूस किया। आपने भी देखा होगा कि कैसे आसमानी बिजली गिरने से पूरी इमारत धराशायी हो जाती है, या उसके छत पर बड़ा सा छेद हो जाता है, ऊँचे पेड़ की काफी लकड़ी बीच में से छिल जाती है, या पूरा पेड़ बीच में से टूट कर दो हिस्सों में बंट जाता है। इसे संस्कृत में वज्रपात कहते हैं, मतलब एक लोहे के जैसे गोले का आसमान से गिरना, जैसे कोई बम गिरता है। इसका मतलब है कि पुराने समय के लोगों को इलेक्ट्रोन-तरंग के कण-प्रभाव का ज्ञान था। हिमाचल प्रदेश के कुल्लूमें एक बिजली महादेव मंदिर है। इसमें स्थित पत्थर के शिवलिंग पर हर साल एकबार बिजली गिरती है, जिससे यह दो टुकड़ों में बंट जाता है। फिर उन दोनों टुकड़ों को मंदिर के पुजारियों के द्वारा मक्खन से जोड़ दिया जाता है। यह भी तो इलेक्ट्रोन का कण-रूप ही है। मूलकण इतना सूक्ष्म होता है कि लार्ज हैडरोन कोलायडर में उसका अंदाजा अप्रत्यक्ष रूप से उसके टकराने से हुए प्रभाव को मापकर लगाया जाता है, वैसे ही जैसे मेरे हाथ पर उसने टकराने की संवेदना पैदा की, प्रत्यक्ष रूप से तो उसे कभी नहीं जाना जा सकता, देखा जाना तो दूर की बात है।

कुण्डलिनी योग विज्ञान ही क्वांटम यांत्रिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल-भौतिकी और ब्रह्माण्ड विज्ञान का शिखरबिंदु है

कुण्डलिनी जागरण ही सिद्ध करता है कि अभावात्मक शून्य का अस्तित्व ही नहीं है

दोस्तों, मैं हाल ही में अपने जागृति के अनुभवों को विज्ञानवादियों को प्रेषित करने बारे विचार कर रहा था, ताकि ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति के रहस्य को सुलझाया जा सके, जिस पर वे बुरी तरह से अटके हुए हैं। पर मुझे उनकी साइटों पर न तो कमेंट बॉक्स मिला और न ही उनकी तरफ से इस तरह की कोई अपील ही गूगल पर मिली। एक-दो का एड्रेस मिलने पर उनसे जीमेल पर कंटेक्ट किया भी पर कोई जवाब नहीं मिला। आपको ऐसा कोई मंच पता हो तो कृपया जरूर शेयर करना।

अध्यात्म विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान आपस में जुड़े हुए हैं, और एकदूसरे के बिना अधूरे हैं। इसीलिए सनातन वैदिक दर्शन के साथ ज्योतिष विज्ञान भी सम्मिलित किया गया था, और इसे एक विशिष्ट सम्मानजनक स्थान प्राप्त था।

शून्यवाद ही सभी समस्याओं की जड़ है

शून्यवाद सबसे बड़ा द्वैतकारी अज्ञान है। विज्ञान अगर शून्यवाद का सहारा न लेता तो आज प्रकृति और मानवता का विनाश न हो रहा होता। इससे आज चारों तरफ युद्ध, प्राकृतिक आपदा आदि के रूप में हायतौबा न मच रही होती। फिर विज्ञान और अद्वैतरूपी अध्यात्म एकसाथ आगे बढ़ रहे होते और मानवमात्र का सम्पूर्ण व सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा होता। प्राचीन भारत से बुद्ध धर्म इसी वजह से लगभग बाहर कर दिया गया था, क्योंकि उसने शून्यवाद का सहारा लिया। हालांकि बुद्धिस्ट बहुत तर्क देते हैं कि उनका उपास्य शून्य नहीं पर चेतन ब्रह्म है, यह सत्य भी है, पर बौद्ध धर्म के बाहरी आचारविचार से तो वह शून्य ही प्रतीत होता है। आम जनमानस तो ऊपर से ही देखते हैं, गहरी बात नहीं समझ पाते।

लगता है कि दुनिया की सबसे अधिक शून्य-विरोधी संस्कृति हिंदु सनातन संस्कृति ही है। इसमें मिट्टी-पत्थर आदि जड़ वस्तुओं के साथसाथ अंधेरा काला आसमान भी पूजा जाता है। उदाहरण के लिए शनि देव और काली माता

जागृति के अनुभव के आधार पर ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति और उसकी आधारभूत संरचना

जिसे हम शून्य या अंधकारनुमा या आनंदहीन आकाश समझते हैं, और अपनी आत्मा के रूप में महसूस भी करते हैं, वह जागृति के समय वैसा महसूस नहीं होता, अर्थात वह अशून्य या प्रकाश या आनंदमय जैसा आकाश महसूस होता है। अशून्य इसलिए कह रहा हूँ, क्योंकि वह भरे-पूरे भौतिक संसार के जैसा ही लगता है। प्रत्यक्ष भौतिक संसार व उससे बने मानसिक चित्र या विचार उसमें तरंगों की तरह महसूस होते हैं। वैसे ही जैसे सागर में तरंगें होती हैं। विभिन्न धर्मशास्त्रों में भी ऐसा ही वर्णन किया गया है। तो क्या विज्ञान इस बात को अनदेखा कर रहा है।

अपने मूल रूप में अंतरिक्ष ही आत्मा है

सारा संसार आभासी व अवास्तविक है

मूल मत ओरिजिनल माने वास्तविक अर्थात निर्विकार रूप में। आइंस्टिन के गुरुत्वाकर्षण के सिद्धांत से यह काफी पहले ही जाहिर हो गया था, पर इस आध्यात्मिक रूप में किसी ने समझा नहीं था। आइंस्टिन बहुत महान व्यक्ति थे पर ऐसा लगता है कि उनका सामना किसी असली जागृत व्यक्ति से नहीं हुआ था। हाहा। आइंस्टिन ने सिद्ध किया कि स्पेसटाईम किसी त्रिआयामी चादर की तरह मुड़ सकता है, उसमें गड्ढे पड़ सकते हैं। वैसे जो पहले ही खाली गड्ढे की तरह है, उसमें एक और खाली गड्ढा कैसे बन सकता है। मतलब साफ है कि अंतरिक्ष वैसा शून्य नहीं है, जैसा आम आदमी समझते हैं। वह एकसाथ शून्य भी है और नहीं भी, वह भावरूप शून्य है, वह आत्मा है, वह परमात्मा है। यह ऐसे ही है, जैसे तलाब के पानी में किश्ती से गड्ढा बनता है। तरंग भी तो इसी तरह गड्ढा बनाते हुए चलती है। मतलब अंतरिक्ष में तरंग बन सकती है। फिर वह शून्य कैसे हुआ। कई लोग यह भी कह सकते हैं कि वह ऐसा शून्य है, जिसमें झूठमूठ वाली माने वर्चुअल तरंग बन सकती है। ऋषिमुनि भी आत्मा का ऐसा ही अनुभव बताते हैं। मतलब वह ऐसी तरंग नहीं होती जो आत्मा को असल में विकृत कर सके। यहाँ तक कि पानी भी तरंग से थोड़ी देर के लिए ही विकृत लगता है, तरंग गुजर जाने के बाद उसकी सतह भी बिल्कुल सीधी और पहले जैसी हो जाती है। हवा के साथ भी ऐसा ही होता है। फिर अंतरिक्ष या आकाश तो उनसे भी सूक्ष्म है, वह कैसे विकृत हो सकता है। वह तो थोड़ी देर के लिए भी विकृत नहीं हो सकता, क्योंकि विकृत होकर जाएगा कहाँ। क्योंकि हर जगह आकाश है। पानी और हवा तो खाली स्थान को खिसक जाते हैं, पर अंतरिक्ष कहाँ को खिसकेगा। इसका मतलब है कि अंतरिक्ष की तरंग पानी और हवा की तरंग से भी ज्यादा आभासी है। मतलब तरंग कहीं नहीं चलती, सिर्फ प्रतीत होती है। है न आश्चर्यजनक तथ्य। गजब का शून्य है भाई। सम्भवतः यही परमात्मा की वह जादूगरी या माया है जो न होते हुए भी सबकुछ दिखा देती है।

शास्त्रीय प्रमाण के रूप में, महाभारत जितने आकार वाले प्रसिद्ध योगवासिष्ठ उपनामित महारामायण ग्रंथ में बारम्बार और हर जगह भावपूर्ण शून्य आकाश या अंतरिक्ष को ही परमात्मा कहा गया है। उसमें हर जगह संसार को असत्य व आभासी कहा गया है।

शून्य में अगर सारी दुनिया विद्यमान है तो वह शून्य दुनिया के जैसे गुणों वाला होना चाहिए

अब हम उपरोक्त वैज्ञानिक विश्लेषण को थोड़ा तर्क की धार देते हैं। अंतरिक्ष रूपी शून्य में वह सभी क्रियाकलाप होते हैं, जो भौतिक संसार में होते हैं, जैसा कि हमने ऊपर कहा। इसका मतलब है कि शून्य का स्वभाव दुनिया के जैसा होना चाहिए। यह तभी संभव है अगर उस शून्य में सत्त्व गुण, रजो गुण और तमोगुण, प्रकृति के ये तीनों गुण एकसाथ विद्यमान हों, क्योंकि भौतिक संसार इन्हीं तीनों गुणों से बना है, जैसा कि शास्त्रों में कहा गया है। इसीलिए उस शून्य आत्मा को त्रिगुणातीत मतलब तीनों गुणों से परे कहा गया है, क्योंकि तीनों गुण एकसमान मात्रा में होने से एकदूसरे के प्रभाव को कैंसल कर देते हैं, हालांकि रहते तीनों गुण हैं। इसीलिए अध्यात्म शास्त्रों में परमात्मा को अनिर्वचनीय भी कहते हैं, मतलब उसमें तीनों गुण हैं भी, नहीं भी हैं, ये दोनों बातें भी हैं और दोनों भी नहीं हैं। शून्य में ये गुण एक दूसरे से कम ज्यादा नहीं हो सकते, क्योंकि समय के साथ भौतिक वस्तु के परिवर्तन से गुण कम या ज्यादा होते रहते हैं। पर शून्य परिवर्तित नहीं हो सकता। इसका मतलब है कि शून्य आत्मा एक ही समय में सत्त्व रूपी प्रकाश, रज रूपी क्रियाशीलता (आभासी तरंग के रूप में, यद्यपि यह नहीं भी है) और तम रूपी अंधकार एकसाथ विद्यमान हैं। यह सब शास्त्रों के इस कथन को सिद्ध करता है कि वास्तविक व सर्वव्यापी अंतरिक्ष जो परम-आत्मा है, वह सभी सांसारिक जीवों की तुलना में कहीं बेहतर तरीके से चेतन है, और वह प्राप्त किया जा सकता है।

शून्य अंतरिक्ष भी भौतिक पदार्थों की तरह व्यवहार करता है

हालांकि सिर्फ यह अंतर है कि जिसे शून्य अंतरिक्ष आभासिक या वर्चुअल रूप में करता है, उसे भौतिक पदार्थ सत्य रूप में करता है। इसलिए शास्त्रों में कहा है कि परमात्मा सबसे बड़ा नटखट, नाटककार और जादूगर है। उदाहरण के लिए समुद्र के पानी से पानी छोटे-छोटे टुकड़ों में बाहर उछलकर वास्तविक बुँदे बनाता है। पर शून्य अंतरिक्ष रूपी सागर में पहली बात, शून्य टुकड़ा बन कर नहीं उछल सकता, दूसरा ऐसी किसी खाली जगह का अस्तित्व ही नहीं है, जो शून्य आकाश के रूप में न हो। इसलिए एक ही रास्ता बचता है कि झूठमूठ की अर्थात दिखावे की अर्थात वर्चुअल बुँदे बनाई जाए। उन्हें ही विज्ञान के अनुसार हम मूल कण अर्थात एलिमेंट्री पार्टिकल्स कहते हैं, जो लगातार शून्य अंतरिक्ष में पॉप होते रहते हैं अर्थात प्रकट होते रहते हैं और उसीमें विलीन भी होते रहते हैं। बिल्कुल वैसे ही जैसे समुद्र से जल की बुँदे बाहर निकलती रहती हैं, और उसीमें विलीन होती रहती हैं। फिर आत्मजागृति का यह अनुभव विज्ञानसम्मत व सही क्यों न मान लिया जाए कि सारी सृष्टि आत्मा के अंदर आभासी तरंग है। दिक्क़त यही है कि उस अनुभव को किसी और को नहीं दिखाया जा सकता और कोई मशीन भी उसे वेरिफाई नहीं कर सकती। इसे खुद अनुभव करना पड़ता है।

विज्ञान-युग का योग-युग में रूपान्तरण

धर्मग्रंथों में यह प्रचुरता से लिखा गया है कि शून्य से जगत की उत्पत्ति नहीं हो सकती। बहुत पहले से ऋषियों को आत्मानुभव से ज्ञात था कि स्वयंप्रकाश आकाशरूप आत्मा से ही इस जगत की उत्पत्ति हुई है, किसी अँधेरेनुमा शून्य अंतरिक्ष से नहीं। इसके लिए बहुत से विज्ञाननुमा तर्क दिए जाते थे, जिससे भी यही सिद्ध होता था। आत्मजागृत अर्थात कुण्डलिनी-जागृत व्यक्ति भी ऐसा ही अनुभव बताते हैं। वह आत्मा भौतिक इन्द्रियों की पकड़ में नहीं आ सकता, केवल अपने स्वयं के असली स्वरूप के रूप में अनुभव होता है। इसलिए एक बात तो साफ है कि विज्ञान से बेशक उसका अंदाजा लग जाए, पर दिखेगा वह केवल योग से ही। विज्ञान उसका अंदाजा लगाकर शांत हो जाएगा, और फिर उसको अनुभव करने के लिए योग की तरफ बढ़ेगा। सारे वैज्ञानिक योगी बन जाएंगे, और विज्ञान-युग योग-युग में रूपान्तरित हो जाएगा।

बाहर के और भीतर के ब्रह्माण्ड में कोई अंतर नहीं है

अगर मन का ब्रह्माण्ड आत्मा के अंदर अनुभव होता है, तो बाहर का भौतिक ब्रह्माण्ड भी, क्योंकि उसे हम मानसिक ब्रह्माण्ड से ही अंदाजन जान सकते हैं, सीधे व असली रूप में कभी नहीं। पर इतना तय है कि बाहरी ब्रह्माण्ड का असली रूप भी मनोरूप ब्रह्माण्ड की तरह ही है। बस इतना सा अंतर है कि बाहरी ब्रह्माण्ड को भीतरी ब्रह्माण्ड से ज्यादा स्थिरता मिली हुई है, इसीलिए हजारों सालों तक सभी को वह लगभग एक जैसा ही दिखता है, पर मानसिक ब्रह्माण्ड विचारों और अनुभवों के साथ प्रतिपल बदलता रहता है।

विज्ञान के कई गहन रहस्य कुण्डलिनी जागरण से सुलझ सकते हैं

उदाहरण के लिए ब्रह्माण्ड के सबसे गहरे मूल में क्या है, क्वांटम एन्टेन्गलमेंट का सिद्धांत क्या है, विद्युत्चुंबकीय तरंग क्या है व कैसे चलती है, वेक्यूम एनर्जी, क्वांटम फलकचुएशन, डार्क एनर्जी, महाविस्फोट, ब्रह्माण्ड का विस्तार, ब्लैक होल, मल्टीवर्स, पैरालेल यूनिवर्स, एंटी यूनिवर्स, फोर्थ डाईमेंशन, स्पेसटाईम ट्रेवल, टेलीपोर्टेशन, एलियन हंटिंग आदि, और अन्य भी बहुत कुछ। कालेब शार्फ, एक अंतरिक्ष विज्ञानी कहते हैं कि पूरा ब्रह्माण्ड ही एक देत्याकार एलियन हो सकता है। आइंस्टिन की नजर में समय एक भ्रम है। ऐसी सभी सोचें और थ्योरियाँ ज्ञानी ऋषियों और दार्शनिकों के चिंतन से मेल खाती हैं। इसलिए विज्ञानवादियों को एकांगी भौतिक सोच छोड़कर योग और अध्यात्म को भी अपने अध्ययन में सम्मिलित करना चाहिए, तभी दुनिया के सारे रहस्यों से पर्दा उठ सकता है। कई क्वांटम थ्योरियाँ योग विज्ञान से समझ में आ सकती हैं, जैसे कि वेव पार्टिकल ड्यूल नेचर ऑफ़ मैटर, स्टैंडिंग वेव, डबल स्लिट एकस्पेरीमेंट, डी ब्रॉगली सिद्धांत, केसीमिर इफेक्ट, आदि बहुत सी। जिस थ्योरी ऑफ़ एव्रीथिंग के लिए वैज्ञानिक लम्बे समय से प्रयास कर रहे हैं, वह लगता है कि योग विज्ञान से मिल सकती है। कुछ वैज्ञानिक सत्य की तरफ बढ़ भी रहे हैं, जैसे कि स्टीफेन हॉकिंग की स्ट्रिंग थ्योरी, रोबर्ट लैंजा की बायोसेंटरिज्म थ्योरी, हरेक वस्तु के रूप में एलियन के छुपे होने की थ्योरी, एडम फ्रैंक की धरती को एक जीवित प्राणी समझने वाली थ्योरी, धरती को अपराधियों के लिए जेल और चन्द्रमा को जेल निगरानी केंद्र मानने वाली थ्योरी आदि,और अन्य भी कई सारी। हालांकि यह सब वैज्ञानिक अंदाजे ही हैं, जैसे मैंने ऊपर कहा। इनको सिद्ध करने के लिए उन लोगों को साथ में लेने की जरूरत है, जिन्होंने योग से कुण्डलिनी जागरण को प्रत्यक्ष रूप में अनुभव किया है। आजकल ऐसी अबूझ किस्म की विज्ञान पहेलियों पर हर जगह चर्चा का माहौल गरमाया हुआ है। लोहा गर्म है, और वैज्ञानिकों को हथोड़ा चलाने में संकोच नहीं करना चाहिए। अगर आप भी इन पहेलियों को सुलझाने में योगदान देना चाहते हैं, तो कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें।

कुंडलिनी आधारित केस स्टडी में रूस-यूक्रेन युद्ध~शरीर-चक्रों पर जन्म-मृत्यु का चक्र

मित्रों, तीसरी आँख आज्ञा चक्र के समीप ही खुलती है। यही शिव का क्रोध से भरा हुआ नेत्र भी है, जो विध्वंस कराता है। मतलब कि अगर आज्ञा चक्र पर कुंडलिनी को ढंग से न संभाला जाए तो वह विध्वंस भी करवा सकती है। यही मैंने पिछली पोस्ट में समझाने की कोशिश की है कि यदि बुद्धि पर ज्ञान का अंकुश न रहे, तो कैसे वह विध्वंस भी करा सकती है। मशहूर वैज्ञानिक स्टीफेंस हॉकिंग भी यही कहते थे कि आज मानव सभ्यता विकास और विज्ञान के शीर्ष पर है। यदि इस समय विनाशकारी युद्धों से बचा जाए, तो ही धरती स्वर्णिम और अलौकिक अवस्था में पहुंच पाएगी, अन्यथा मंगल ग्रह जैसा हाल हो सकता है धरती का। साथ में, मैं भगवान गणेश को कुंडलिनी-रूप बता रहा था। यहाँ यह गौर करने वाली बात है कि शिव पुराण में पहले यह लिखा है कि देव कार्तिकेय के जन्म के बाद पार्वती देवी ने शिव के साथ संभोग से भगवान गणेश को पैदा किया। फिर आगे के अध्याय में यह लिखा है कि पार्वती ने अपने शरीर के मैल से पुत्र गणेश को पैदा किया। तो जो संभोग से भी बना हो, और उसी के साथ शरीर के मैल से भी बना हो, वह तन्त्र योग से निर्मित मानसिक कुंडलिनी-पुरुष ही हो सकता है।

जन्म और मृत्यु के चक्र इसी मानव शरीर में और इसी जीवन में हैं, बाहर की छोड़ो। कुंडलिनी के मूलाधार चक्र पर होने पर पशुवत व अज्ञान-आसक्ति से भरा जीवन होता है। यह कीट-पतंगे आदि निम्न जीव का जीवन होता है। आदमी के थोड़ी तरक्की करने पर कुंडलिनी स्वाधिष्ठान चक्र तक चढ़ जाती है। वह एक उच्चतर चेतना का पशु जीवन होता है, जैसे कि मुर्गे, बकरे आदि का जीवन। ये जीव अधिकांश समय सम्भोगसुख में ही रमे रहते हैं। और अधिक तरक्की करने पर कुंडलिनी मणिपुर चक्र तक चढ़ जाती है। मणिपुर चक्र नाभि में है, जो खाने-पीने व पाचन से सम्बंधित है। यह ऐसे उच्चतर पशु का जीवन होता है, जो हमेशा खाने में ही व्यस्त रहता है। उदाहरण के लिए, घास-पत्ते खाने वाले जानवर। वे चौबीसों घण्टे कुछ न कुछ खाते ही रहते हैं। और अधिक विकास करने पर कुंडलिनी अनाहत अर्थात हृदय चक्र पर पहुंचती है। यह स्वामिभक्त और भावनामय जैसे प्राणी का जीवन होता है। उदाहरण के लिए कुत्ता, हाथी, डॉल्फिन आदि। उसके ऊपर चढ़ने पर कुंडलिनी विशुद्धि चक्र में पहुंचती है। यह मीठी आवाज वाले जानवर के जैसा जीवन होता है। उदाहरण के लिए, कोयल। फिर कुंडलिनी आज्ञा चक्र तक उठ जाती है। यह बुद्धिमान प्राणी के जैसा जीवन होता है। जैसे प्राइमेट, मनुष्य आदि। उसके ऊपर कुंडलिनी को चढ़ाने के लिए बहुत अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। विरले लोग ही तांत्रिक साधनाओं से व एकांत के योगाभ्यास से कुंडलिनी को सहस्रार तक ऊपर उठा पाते हैं। उनमें से भी बहुत कम लोग ही काफी लंबे समय तक कुंडलिनी को सहस्रार में रोककर रख पाते हैं। उनमें से भी विरले लोग ही सहस्रार में कुंडलिनी को जागृत कर पाते हैं। उनमें भी बहुत कम लोग ही जीवनभर कुंडलिनी को सहस्रार में क्रियाशील रख पाते हैं। यहीं जीवनयात्रा समाप्त होती है। यही ईश्वर की प्राप्ति है। वहां से फिर आदमी दुबारा नीचे नहीं गिरता। यदि गिरता हुआ दिखता है, तो केवल लोकव्यवहार के लिए। असल में वो हमेशा सहस्रार चक्र में ही स्थित रहता है। सम्भवतः इसे ही ब्रह्मलोक कहा गया है। ब्रह्मा अर्थात मन के साथ वह ब्रह्मा की पूर्ण आयु पर्यंत अर्थात मनुष्य की पूर्ण आयु पर्यंत बना रहता है, और अंत में ब्रह्मा के साथ ही मुक्त हो जाता है। अधिकांश लोग तो आज्ञाचक्र से ऊपर जा ही नहीं पाते, और वहां से नीचे गिरने लगते हैं। बारी-बारी से सभी चक्रों से होते हुए वे पुनः मूलाधार रूपी अंधकूप में पहुंच जाते हैं। अर्थात वे एक-एक कदम नीचे की चेतना से होते हुए सबसे नीचे पहुंच जाते हैं। वहां से उनका विकास पुनः शुरु होता है, और वे धीरे-धीरे ऊपर उठने लगते हैं। मनुष्य योनि को पाकर, और परमात्मा को पाए बिना ही फिर नीचे गिरने लगते हैं, विभिन्न जीव-योनियों का रूप प्राप्त करते हुए। इस तरह से यह जन्म-मरण का चक्र बारम्बार चलता रहता है। आज दुनिया भी इसी अंतिम मोड़ पर स्थित है, जहाँ से यह सत्ययुग के लिए अंतिम छलांग न लगा पा सकने के कारण नीचे गिरना शुरु हो गई है, ऐसा लगता है। वैसे अभी देर नहीं हुई है, संभलने के लिए वक्त है। अभी हाल ही में छिड़े यूक्रेन-रूस युद्ध को ही लें। आदमी अपने बौद्धिक और भौतिक विकास के चरम पर था। ईराक-सीरिया आदि के ऊपर थोपी गई लड़ाईयां तो जैसे इतिहास में दफन हो रही थीं। धार्मिक आतंकवाद के ऊपर भी चारों ओर से शिकंजा कसा जा रहा था। मतलब कि दुनिया की कुंडलिनी आज्ञाचक्र पर थी। एक प्रकार से दुनिया आदमी बनी थी। अधिक से अधिक कुंडलिनी घटनाएं और जागृतियाँ देखने-सुनने में आ रही थीं। दुनिया अच्छे से सत्ययुग में रूपांतरित हो रही थी। बड़े-बड़े भौतिक वैज्ञानिक, मनोवैज्ञानिक और आध्यात्मिक वैज्ञानिक और लेखक इसमें मदद कर रहे थे। आदमी के पास भरपूर संसाधन इकट्ठे हो गए थे। इससे आदमी के पास पर्याप्त अतिरिक्त समय था, जिससे वह कुंडलिनी योगसाधना करके कुंडलिनी को मुक्ति की अंतिम छलांग के लिए पर्याप्त मुक्तिगामी वेग अर्थात एस्केप विलोसिटी देने के लिए अग्रसर था। फालतू दुनियादारी को घटा कर और जटिल जीवनचर्या को सरल बना कर वह ऊर्जा का संरक्षण और संचय कर रहा था, ताकि वह ऊर्जा कुंडलिनी को दी जा सकती। सबकुछ स्मूथली और शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा था। पर तभी इस युद्ध ने इस विकासात्मक प्रक्रिया पर जैसे एक प्रश्नचिन्ह सा लगा दिया हो। आदमी की कुंडलिनी-ऊर्जा सुरक्षा-भावना या सरवाइवल इंस्टिंक्ट को पूरा करने के लिए फिर से नीचे उतरने लगी। आदमी फिर से आदिम युग में चला गया। वह फिर से जंगली बन गया। उसे अब पेट भरने से ही मतलब रह गया था। किस्मत वाला ही तन भी अच्छी तरह से ढक पा रहा था। वीआईपी किस्म के जंगली को ही सिर के ऊपर छत नसीब हो रही थी। आदमी की सारी ऊर्जा रोटी, कपड़ा और मकान का बंदोबस्त करने में ही खर्च हो रही थी। अध्यात्म, योग, मुक्ति जैसे शब्द बेगाने से लगने लग गए थे। आदमी की सारी ऊर्जा जीवनयापन के लिए संघर्षों से मुकाबला करने में ख़र्च हो रही थी। सम्भोग सुख को प्राप्त करने के लिए भी ऊर्जा मुश्किल से उपलब्ध होती थी, संभोग योग तो दूर की बात रही। संघर्षों के चलते मन इतना चंचल हो गया था कि गम्भीर योगसाधना का औचित्य नहीँ रह गया था। क्योंकि योगसाधना से मन स्थिर हो जाता था, पर स्थिर मन से संघर्षों से मुकाबला नहीं हो पाता था। क्योंकि मन को स्थिर और अद्वैतमयी करने के लिए अधिकांश ऊर्जा मस्तिष्क को चली जाती थी, इससे भुजाओं और टाँगों में ऊर्जा की कमी हो जाती थी, जिनसे कि दुनियादारी के अधिकांश भौतिक काम निपटाए जाते हैं। ऊर्जा की कमी को पूरा करने के लिए मांसाहार का प्रयोग बढ़ रहा था, जिससे चारों ओर पाप और जीवहिंसा का माहौल पैदा हो गया था। ऐसे युद्धों से पशुओं पर नाजायज अत्याचार बढ़ जाता है। कुछ अच्छे पारिवारिक संस्कारों वाले और अध्यात्म का ज्ञान रखने वाले तो तन्त्र के अनुसार माँस आदि पँचमकारों का सेवन करके अपना आध्यात्मिक विकास कर भी रहे थे। इससे तन्त्र विद्या का विकास भी हो रहा था। संघर्ष से लोगों का मानसिक तनाव इतना बढ़ गया था कि उसे दूर करने के लिए शराब का सहारा लिया जा रहा था। तांत्रिक किस्म के लोग तो इसके साथ योगाभ्यास करके भौतिक लाभ भी प्राप्त कर रहे थे, और आध्यात्मिक विकास भी। कुछ दुनियादारी में डूबे हुए लोग उनके योगाभ्यास की नकल करते हुए बिना ध्यान के योगासन करने लगे थे, शरीर को तोड़ने-मरोड़ने वाले भौतिक व्यायाम की तरह। उन्हें भी कुछ न कुछ लाभ तो मिल ही रहा था, और कुछ वर्षों के अभ्यास के बाद वे भी ध्यानयोगी अर्थात कुंडलिनी योगी बन पा रहे थे। आज जो चारों तरफ बैठक वाले ध्यानमयी कुंडलिनी योग का प्रचलन बढ़ रहा है, वह मानव सभ्यता के चरम के करीब पहुंचने से उपलब्ध अतिरिक्त प्राण ऊर्जा के कारण ही हो रहा है। क्योंकि ध्यान के लिए काफी प्राण ऊर्जा चाहिए होती है। प्राण ऊर्जा की कमी से तो सम्भोग योग जैसे शक्तिशाली योग से भी भरपूर फायदा नहीं उठाया जा सकता। यदि प्राणों की, आराम की, भ्रमण की, निद्रा की, हठ योगाभ्यास की, संतुलित जीवनचर्या की और पर्याप्त समय की कमी में जबरदस्ती व ज्यादा किया जाए, तो विभिन्न शारीरिक व मानसिक विकार भी पैदा हो सकते हैं, जैसे कि प्रोस्टेट ग्रंथि का बढ़ना, संक्रमण, अवसाद, तनाव, गैस्ट्रिक आदि व हो सकता है इसी तरह कुछ अन्य भी। सम्भवतः इसीलिए तन्त्र में लेउकोरहोइआ जैसे योनि-संक्रमण में यौन-योग को न करने की सलाह दी गई है। युद्ध-प्रभावित पतन के दौर में बच्चे और कुंडलिनी योगी सबसे ज्यादा दुष्प्रभावित होते हैं। जैसे बच्चों की अधिकांश ऊर्जा शारिरिक व मानसिक विकास में खर्च हो रही होती है, ऐसे ही कुंडलिनी योगी की भी। दोनों में ही गजब का रूपांतरण चल रहा होता है। इसीलिए जागृति को दूसरा जन्म भी कहते हैं, उसके बाद ही आदमी द्विज या असली ब्राह्मण बनता है। द्विज का मतलब ही दूसरे जन्म वाला होता है। कुंडलिनी को निरंतर तन-मन में बनाए रखने के लिए भी काफी प्राण ऊर्जा खर्च होती रहती है। मैं रशियन हमले से डरे हुए एक बच्चे को सैंकड़ों किलोमीटर के सफर पर पलायन करते हुए देख रहा था। उसके अभिभावक युद्ध में मारे गए थे। उसका कोई नहीं था। वह मासूम बच्चा रोए जा रहा था, और अपने साथ एक बैग जैसा घसीटते हुए बड़ी मुश्किल से चल पा रहा था। वृद्ध लोग और महिलाएं भी इसी तरह ज्यादा दुष्प्रभावित होते हैं क्योंकि वे समाज के कमजोर अंग होते हैं। इसी तरह, जानवर भी बहुत ज्यादा दुष्प्रभावित होते हैं। पर ऐसे मामलों में उनकी कम ही गिनती होती है, हालांकि वे भी एक स्वस्थ समाज का महत्त्वपूर्ण हिस्सा होते हैं।

वैसे तो कई बार ऐसे युद्ध के लिए छोटे देश भी जिम्मेदार बन जाते हैं। उदाहरण के लिए पाकिस्तान को ही देख सकते है। इसने सीमापार आतंकवाद फैला कर आज तक हजारों निर्दोष लोगों की जान ले ली है। यह सिलसिला लगभग पचास वर्षों से ज्यादा समय से चला आ रहा है, पर उसकी नीति में आज भी कोई बदलाव नहीं दिखता। भारत ने हमेशा शांति बरतते हुए बड़े युद्ध को रोका है। यूएनओ ने भी उसकी ज्यादा मदद नहीं की है, उल्टा कई बार उसे ही कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया है। कभी जब यूएनओ ने मदद करने का हल्का सा प्रयास किया होगा, तो वह पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय दुष्प्रचार के आगे फीका पड़ गया। मुझे तो समझ नहीं आता कि यूएनओ इतनी हल्की भूमिका क्यों निभाता है, ऐसे मामलों में। आज भी इसका रवैया ढीलाढाला ही लग रहा है। खैर, इसी युद्धोन्मादी जैसे काल में और उसके बाद भी कुछ अति व्यस्त लोग योग करने के लिए जरा भी समय नहीं निकाल पा रहे थे। उनमें से अच्छे संस्कारों वाले लोग काम को ही योग अर्थात पूजा की तरह अद्वैतभाव से करने की कोशिश कर रहे थे, मतलब कर्मयोग को अपना रहे थे। इसमें मदद के लिए शरीरविज्ञान दर्शन जैसे नए-नए दर्शनों की खोज हो रही थी, ताकि भौतिक उत्थान के साथ आध्यात्मिक उत्थान भी आसानी से मिलता रहता। ऐसे दर्शन लोकप्रिय हो रहे थे, क्योंकि वे नवीनता के साथ थे, जो पुराने गीता जैसे दर्शनों को नए रूप में प्रस्तुत करते थे। इससे दर्शन और साहित्य का तीव्र गति से विस्तार हो रहा था। कुछ पुराने शास्त्रों के शौकीन लोग गीता जैसे पुराने दर्शनों, शास्त्रों और पुराणों को दिनरात टटोलते रहते, ताकि कोई ज्ञान की किरण दिखाई देती। इस भीषण युद्ध के कारण विकास के चरम के करीब पहुँची हुई मानव सभ्यता उस सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई थी, जहां से सैंकड़ों-हजारों सालों से विकास करती हुई वह वहाँ पहुँची थी। लगता है कि यह चक्र लगातार कई युगों से चला आ रहा था। चरम तक तो विरला ही पहुंचा होगा विकास, जैसे कोई विरला आदमी ही कुंडलिनी जागरण प्राप्त करता है। पर जैसे समुचित अभ्यास से सभी लोग कुंडलिनी जागरण प्राप्त कर सकते हैं, उसी तरह पूरी धरती भी सतयुग में प्रविष्ट हो सकती है। पर इसकी तरफ सावधानी से ध्यान नहीं दिया गया, और इसे हल्के में लिया गया। मुझे लगता है कि जिस समय पुराणों और आध्यात्मिक दर्शनों की रचना हुई, उस समय सतयुग था, खासकर प्राचीन भारत में। उसकी याद से ही हम संतोष प्राप्त कर सकते हैं, अब तो। युद्ध, लूटपाट और अराजकता से पैदा हुए भय, दर्द आदि से निकली चीख-पुकार के साथ कुंडलिनी विशुद्धि चक्र तक उतर गई। फिर दिल को लगने वाले भावनात्मक सदमों को संभालने के लिए अनाहत चक्र पर आ गई। कुछ ऊर्जा वहां से आत्मसुरक्षा के लिए भुजाओं को भी चली गई। ऐसी हाय-तौबा और मार-धाड़ के माहौल के कारण भूख बहुत ज्यादा बढ़ गई। शारिरिक संघर्ष भी बहुत करना पड़ा। इससे कुंडलिनी नाभि चक्र तक आ गई। गट्स नाभि में ही तो रहता है। फिर कुंडलिनी स्वाधिष्ठान चक्र पर आ गई। यह मुर्गे, बकरे आदि सैक्सुअल जीवों के रूप में दुनिया का जन्म है। वहाँ से वह मूलाधार को उतर जाती है। दुनिया कीड़ों-मकोड़ों के जैसी मूढ़ता से भर जाती है। फिर दुनिया के विकास का क्रम पुनः शुरु हो जाता है। कुंडलिनी बारी-बारी से सभी चक्रों से होते हुए ऊपर चढ़ती है। इस तरह से आदमी युद्ध आदि अमानवीय हिंसाओं पर लगाम नहीं लगा पाता, जिससे दुनिया का जन्म-मरण का चक्कर इसी तरह चलता रहता है। 

मुझे तो यूएनओ पर भी हसी आती है। किसी देश को वीटो पावर देने का मतलब है कि चाहे वह कुछ भी कर ले, उसे रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। तब यूएनओ का औचित्य ही क्या है। कम से कम जिस देश के खिलाफ प्रस्ताव हो, उसे तो अपने बचाव में खुद ही वीटो करने का अधिकार नहीं होना चाहिए, दूसरा कोई चाहे बेशक कर दे। यह क्या कि चोर भी मैं और सिपाही भी मैं। वैसे अगर वीटो का सदुपयोग किया जाए, तो इसके लाभ भी हैं। भारत शुरु से ही आतंकविरोधी अभियान में शामिल रहा है। या यूं कह सकते हैं कि इस अभियान की शुरुआत भारत ने ही की थी। अब तो विश्व के अधिकांश देश इस अभियान में शामिल होने लग गए हैं। उस समय भारत के इस अभियान के विरोध में दुष्प्रचार के प्रयोग से यूएनओ में  उसके खिलाफ प्रस्ताव लाए जाते थे। पर सिर्फ एक-आध देश ही वीटो पावर का इस्तेमाल करके उन प्रस्तावों को गिरा दिया करते थे। कई बार उल्टा भी होता है, जब गलत काम करने वाले देश को एक वीटो पावर वाला देश इसलिए बचाता है, क्योंकि उसका उससे स्वार्थपूर्ण सम्बंध होता है। इसलिए मुझे तो लगता है कि सभा-निर्णय का वही पुराने जमाने से चला आ रहा तरीका ठीक है, जिसमें बहुमत देखा जाता है, जिस तरफ ज्यादा मत पड़ते हैं, उसी फैंसले को मान्य माना जाता है। मुझे लगता है कि सभा में बहुमत से किया गया निर्णय एकप्रकार से भगवान के निर्णय जैसा होता है। उसे भगवान भी देखता है, क्योंकि सबसे बड़ा सभापति भगवान ही है। इसीलिए शास्त्रों में अधिकांश स्थानों पर भगवान को सभापति की तरह दर्शाया गया है। एक बात और गौर करने लायक है। एक ताकतवर बच्चा एक कमजोर बच्चे को यह बोलते हुए पीट रहा है कि वह अपने बचाव के लिए किसी दूसरे ताकतवर लड़के के पास न जाए। इससे तो वह ज्यादा जाएगा। हाँ, अगर उससे प्यार का बर्ताव किया जाएगा, तो वह नहीं जाएगा। शुरु से यही होता आया है कि लड़ती आपस में दो महाशक्तियां हैं, औऱ खंडहर बनता है वह छोटा देश जिसके लिए वो लड़ रही होती हैं। लड़े सांड़, और झाड़ का होए नाश। फिर ज्यादातर मामलों में वे महाशक्तियां उस छोटे देश के पुनर्निर्माण में सहयोग नहीं करतीं। पुनर्निर्माण के काम की कोशिश अधिकांशतः भारत जैसे कुछ विकासशील देश ही करते हैं, क्योंकि वे मानवता देखते है, धर्म, जाति, वर्ग आदि नहीं। फिर कहते हैं कि विकासशील देश विकसित नहीं होते। विकसित कैसे होंगे जब बड़े देश दुनिया को लड़ाइयों में ही उलझाते रहेंगे। अफगानिस्तान, सीरिया और इराक का उदाहरण सबके सामने है। मैंने इन्हीं प्रकार की अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का वर्णन किसी दैवीय प्रेरणा से पुस्तक शरीरविज्ञान दर्शन में किया था। हालाँकि ये सबकुछ मैंने स्वास्थ्य विज्ञान के अनुसार शरीर में होता हुआ दिखाया था। वहाँ तो मैंने यहाँ तक लिखा था कि परमाणु युद्ध से पूरा देहदेश बर्बाद हो जाता है, अर्थात मर जाता है, जिसका पुनर्निर्माण के रूप में पुनर्जन्म होता है। यह विध्वंस तो शरीर के अंदर के सूक्ष्म देश का वर्णन था, भगवान करे कि बाहर के स्थूल देश में ऐसा कभी कुछ घटित न हो। 

कुंडलिनी ही दृश्यात्मक सृष्टि, सहस्रार में एनर्जी कँटीन्यूवम ही ईश्वर, और मूलाधार में सुषुप्त कुंडलिनी ही डार्क एनर्जी के रूप में हैं

विश्व की उत्पत्ति प्राण-मनस अर्थात टाइम-स्पेस के मिश्रण से होती है

फिर हठ प्रदीपिका के पूर्वोक्त व्याख्याकार कहते हैं कि सृष्टि की उत्पत्ति मनस शक्ति और प्राण शक्ति के मिश्रण से हुई। यह मुझे कुछ दार्शनिक जुगाली भी लगती है। भौतिक रूप में भी शायद यही हो, पर आध्यात्मिक रूप में तो ऐसा ही होता है। जब मस्तिष्क में प्राण शक्ति पहुंचती है, तब उसमें मनस शक्ति खुद ही मिश्रित हो जाती है, जिससे हमें जगत का अनुभव होता है। “यतपिण्डे तत्ब्रह्मांडे” के अनुसार बाहर भी तो यही हो रहा है। शून्य अंतरिक्ष के अंधेरे में सोई हुई शक्ति में किसी अज्ञात कारण से हलचल होती है। उसमें खुद ही मनस शक्ति मिश्रित हो जाती है, क्योंकि चेतनामयी ईश्वरीय मनस शक्ति हर जगह विद्यमान है। इससे मूलभूत कणों का निर्माण होता है। सम्भवतः ये मूल कण ही प्रजापति हैं, जो आगे से आगे बढ़ते हुए पूरी सृष्टि का निर्माण कर देते हैं। यह ऐसे ही है, जैसे मूलाधार के अंधेरे में सोई प्राण ऊर्जा के जागने से होता है। तभी कहते हैं कि यह सृष्टि मैथुनी है। फिर मनस शक्ति को देश या स्पेस और प्राण शक्ति को काल या टाइम बताते हैं। फिर कहते हैं कि टाइम और स्पेस के आपस में मिलने से मूल कणों की उत्पत्ति हो रही है, जैसा वैज्ञानिक भी कुछ हद तक मानते हैं।

डार्क एनर्जी ही सुषुप्त ऊर्जा है

दोस्तो, खाली स्पेस भी खाली नहीं होता, पर रहस्यमयी डार्क एनर्जी से भरा होता है। पर इसे किसी भी यन्त्र से नहीं पकड़ा जा सकता। यही सबसे बड़ी एनर्जी है। हम केवल इसे अपने अंदर महसूस ही कर सकते हैं। ब्रह्मांड इसमें बुलबुलों की तरह बनते और मिटते रहते हैं। सम्भवतः यही तो ईश्वर है। यह शून्य हमें इसलिए लगता है, क्योंकि हमें अनुभव नहीं होता। इसी तरह मूलाधार में सोई हुई ऊर्जा भी डार्क एनर्जी ही है। हम इसे अपनी शून्य आत्मा के रूप में महसूस करते हैं। हम हर समय अनन्त ऊर्जा से भरे हुए हैं, पर भ्रम से उसका प्रकाश महसूस नहीं कर पाते। उसे मूलाधार में इसलिए मानते हैं, क्योंकि मूलाधार मस्तिष्क से सबसे ज्यादा दूर है। मस्तिष्क के सहस्रार क्षेत्र में अगर चेतनता का महान प्रकाश रहता है, तो मूलाधार में अचेतनता का घुप्प अंधेरा ही माना जाएगा। मस्तिष्क से नीचे जाते समय चेतना का स्तर गिरता जाता है, जो मूलाधार पर न्यूनतम हो जाता है। यदि ऐसे समय कुंडलिनी का ध्यान करने की कोशिश की जाए, जब मस्तिष्क थका हो या तमोगुण रूपी अंधेरे से भरा हो, तो कुंडलिनी चित्र नीचे के चक्रों में बनता है। मुझे जो दस सेकंड का क्षणिक आत्मज्ञान का अनुभव हुआ था, उसमें रहस्यात्मक कुछ भी नहीं है। यह शुद्ध वैज्ञानिक ही है। संस्कृत की भाषा शैली ही ऐसी है कि उसमें सबकुछ आध्यात्मिक ही लगता है। उसे विज्ञान की भाषा मेंआप “एक्सपेरिएंस ऑफ डार्क एनेर्जी” या “अदृश्य ऊर्जा दर्शन” कह सकते हैं। इसी तरह सुषुम्ना में ऊपर चढ़ने वाली ऊर्जा भी डार्क एनेर्जी की तरह ही होती है। इसीलिए उसे केवल बहुत कम लोग ही और बहुत कम मौकों पर ही अनुभव कर पाते हैं, सब नहीं। हालाँकि यह पूरी तरह से डार्क एनेर्जी तो नहीं है, क्योंकि यह सूक्ष्म तरंगों या सूक्ष्म अणुओं की क्रियाशीलता से बनी होती है। असली डार्क एनेर्जी में तो शून्य के इलावा कुछ नहीं होता, फिर भी उसमें अनगिनत ब्रह्मांडों का प्रकाश समाया होता है। एक पुरानी पोस्ट में मैंने लिखा था कि एकबार कैसे मैंने अपनी दादी अम्मा की परलोकगत आत्मा या डार्क एनेर्जी को ड्रीम विजिटेशन में महसूस किया था। ऐसा लग रहा था कि जैसे कोई चमकीले कज्जल से भरा आसमान हो, जिसका प्रकाश किसीने बलपूर्वक ढका हो, और वह प्रकाश सभी पर्दे-दीवारें तोड़कर बाहर उमड़ना चाह रहा हो, यानि कि अभिव्यक्त होना चाह रहा हो।

यिन-यांग या प्रकृति-पुरुष से सृष्टि की उत्पत्ति

डार्क एनेर्जी में ही सृष्टि के प्रारंभ में सबसे छोटा औऱ सबसे कम देर टिकने वाला कण बना होगा। इसे ही काल या टाइम या विपरीत ध्रुव की उत्पत्ति कह सकते हैं। स्पेस या डार्क एनर्जी दूसरा ध्रुव है, जो पहले से था। टाइम के रूप में निर्मित वह सूक्ष्मतम कण एक महान विस्फोट के साथ स्पेस की तरफ तेजी से आगे बढ़ने लगता है। यही सृष्टि का प्रारंभ करने वाला बिग बैंग या महा विस्फोट है। वह कण तो एक सेकंड के करोड़वें भाग में विस्फोट से नष्ट हो गया, पर उस विस्फोट से पैदा होकर आगे बढ़ने वाली लहर में विभिन्न प्रकार के कण और उनसे विभिन्न पदार्थ बनते गए। आगे चलकर उन कणों की व उनसे बनने वाले पदार्थों की जीवन अवधि में इजाफा होता गया। वैसे भी कहते हैं कि दो विपरीत ध्रुवों के बनने से ही सृष्टि की उत्पत्ति हुई। इन्हें यिन-यांग कह सकते हैं। यही प्रकृति-पुरुष है। शरीर में भी ऐसा ही है। मूलाधार में डार्क एनेर्जी है, जो कुंडलिनी योग से जागृत हुई। जागृत होने का मतलब है कि कुंडलिनी योग के सिद्धासन में वह मूलाधार चक्र पर पैर की एड़ी के दबाव से बनी संवेदना के रूप में अनुभव की गई। इस संवेदना में ध्यान चित्र मिश्रित होने से यह कुंडलिनी बन गई। इस संवेदना की उत्पत्ति को हम समष्टि के सबसे छोटे मूल कण की उत्पत्ति का शारीरिक रूप भी कह सकते हैं। वह कुंडलिनी एनेर्जी जागृत होने के लिए सहस्रार की तरफ जाने का प्रयास करते हुए मस्तिष्क में रंगबिरंगी सृष्टि की रचना बढ़ाने लगी। मतलब कि दो विपरीत ध्रुव आपस में मिलने का प्रयास करने लगे। शक्ति शिव से जुड़ने के लिए बेताब होने लगी। समष्टि में वह मूल कण बिग बैंग के रूप में आगे बढ़ने लगा और उस डार्क एनेर्जी के छोर को छूने का प्रयास करने लगा, जहाँ से वह आया था। वह मूलकण नौटंकी करते हुए यह समझने लगा कि वह अधूरा है, और उसने डार्क एनेर्जी को प्राप्त करने के लिए आगे ही आगे बढ़ते जाना है। ऐसा करते हुए उससे सृष्टि की रचना खुद ही आगे बढ़ने लगी। यह ऐसे ही होता है जैसे आदमी का मन या कुंडलिनी उस अदृश्य अंतरिक्षीय ऊर्जा को प्राप्त करने की दौड़ में भरे-पूरे जगत का निर्माण कर लेता है। कुंडलिनी भी तो समग्र मन का सम्पूर्ण प्रतिनिधि ही है। मन कहो या कुंडलिनी कहो, बात एक ही है। बिग बैंग की तरंगों के साथ जो सृष्टि की लहर आगे बढ़ रही है, उसे हम सुषुम्ना नाड़ी में एनर्जी का प्रवाह भी कह सकते हैं। पर उस डार्क एनेर्जी का अंत तो उसे मिलेगा नहीं। इसका मतलब है कि यह सृष्टि अनन्त काल तक फैलती ही रहेगी। पर इसे अब हम शरीर से समझते हैं, क्योंकि लगता है कि विज्ञान इसका जवाब नहीं ढूंढ पाएगा। जब आदमी इस दुनिया में अपनी सभी जिम्मेदारियों को निभाकर अपनी कुंडलिनी को जागृत कर लेता है, तब वह दुनिया से थोड़ा उपरत सा हो जाता है। कुछ समय शांत रहकर वह दुनिया से बिल्कुल लगाव नहीं रखता। वह जैसा है, उसी में खुश रहकर अपनी दुनियादारी को आगे नहीं बढ़ाता। फिर बुढ़ापे आदि से उसका शरीर भी मृत्यु को प्राप्त होकर नष्ट हो जाता है। इसी तरह जब इस सृष्टि का लक्ष्य पूरा हो जाएगा, तब उसके आगे फैलने की रप्तार मन्द पड़ जाएगी। फिर रुक जाएगी। अंत में सृष्टि की सभी चीजें एकसाथ अपनी-अपनी जगह पर विघटित हो जाएंगी। इसका मतलब है कि बिग बैंग रिवर्स होकर पुनः बिंदु में नहीं समाएगा। सृष्टि का लक्ष्य समय के रूप में निर्धारित होता होगा। निश्चित समय के बाद वह नष्ट हो जाती होगी, जिसे महाप्रलय कहते हैं। क्योंकि सृष्टि के पदार्थों ने आदमी की तरह असली जागृति तो प्राप्त नहीं करनी है, क्योंकि वे तो पहले से ही जागृत हैं। वे तो केवल सुषुप्ति का नाटक सा ही करते हैं। यह भी हो सकता है कि सृष्टि की आयु का निर्धारण समय से न होकर ग्रह-नक्षत्रों की संख्या और गुणवत्ता से होता हो। जब निश्चित संख्या में ग्रह आदि निर्मित हो जाएंगे, और उनमें अधिकांश मनुष्य आदि जीव अपनी इच्छाएं पूरी कर लेंगे, तभी सृष्टि की आयु पूरी होगी। ऐसा भी हो सकता है कि सृष्टि विघटित होने के लिए वापिस आए, बिग बैंग के शुरुआती बिंदु पर। क्योंकि आदमी का शरीर भी मरने से पहले बहुत कमजोर और दुबला-पतला हो लेता है। विज्ञान के गुरुत्वाकर्षण के सिद्धांत से भी ऐसा ही लगता है। जब बिग बैंग के धमाके की ऊर्जा खत्म हो जाएगी, तो गुरुत्वाकर्षण का बल हावी हो जाएगा, जिससे सृष्टि सिकुड़ने लगेगी औऱ सबसे छोटे मूल बिंदु में समाकर फिर से डार्क एनेर्जी में विलीन हो जाएगी। यह संभावना कुंडलिनी योग की दृष्टि से भी सबसे अधिक लगती है। मानसिक सृष्टि का प्रतिनिधित्व करने वाली कुंडलिनी ऊर्जा भी सहस्रार से वापिस मुड़ती है, और फ्रंट चैनल से नीचे उतरती हुई फिर से मूलाधार में पहुंच जाती है। वहाँ से फिर बैक चैनल से ऊपर चढ़ती है। इस तरह से हमारे शरीर में सृष्टि और प्रलय का क्रम लगातार चलता रहता है।

सांख्य दर्शन और वेदांत दर्शन में सृष्टि-प्रलय

सांख्य दर्शन में पुरुष और प्रकृति, दोनों को शाश्वत कहा गया है। पर वेदांत दर्शन में प्रकृति की उत्पत्ति पुरुष से बताई गई है, जैसा मैं भी कह रहा हूँ। यहां पुरुष मूल रूप में प्रकाशमान डार्क एनेर्जी है, और प्रकृति प्रकाश से रहित डार्क एनेर्जी है। मुझे लगता है कि सांख्य में शरीर के अंदर की सृष्टि और प्रलय का वर्णन हो रहा है। हमें अपने मन में ही डार्क एनेर्जी का अंधेरा हमेशा महसूस होता है, यहाँ तक कि कुंडलिनी जागरण के बाद भी। इसीलिए इसे भी शाश्वत कहा गया है। दूसरी ओर वेदांत में बाहर के संसार की सृष्टि और प्रलय की बात हो रही है। वहां तो प्रकृति या डार्क एनेर्जी और उससे पैदा होने वाले कणों का अस्तित्व ही नहीं है। ये तो केवल हमें अपने मन में महसूस होते हैं। वहाँ अगर इनकी उत्पत्ति होती है, तो सिर्फ नाटकीय या आभासिक ही। वहाँ तो सिर्फ प्रकाश से भरा हुआ एनेर्जी कँटीन्यूवम ही है। वैसे तो वेदांत भी मानसिक सृष्टि का ही वर्णन करता है, क्योंकि वे भी किसी भौतिक प्रयोगशाला का उपयोग नहीं करते, जो बाहर के जगत की उत्पत्ति को सिद्ध कर सके। पर वह उन महान योगियों के अनुभव को प्रमाण मानता है, जो हमेशा एनेर्जी कँटीन्यूवम से जुड़े रहते हैं।

कुंडलिनी जागरण के लिए ही सृष्टिरचना होती है; हिंदु पुराणों में शिशु विकास को ही ब्रह्माण्ड विकास के रूप में दिखाया गया है

मित्रो, पुराणों में सृष्टि रचना विशेष ढंग से बताई गई है। कहीं आकाश के जल में अंडे का फूटना, कहीं पर आधाररहित जलराशि में कमल का प्रकट होना और उस पर एक देवता का अकस्मात प्रकट होना आदि। कहीं आता है कि सीधे ही प्रकृति से महत्तत्व, उससे अहंकार, उससे तन्मात्रा, उससे इंद्रियां और उससे सारी स्थूल सृष्टि पैदा हुई। जब मैं छोटा था, तब अपने दादाजी (जो एक प्रसिद्ध हिंदू पुरोहित और एक घरेलू पुराण वक्ता थे) से पूछा करता था कि अचानक खुले आसमान में बिना आधारभूत संरचना के ये सारी चीजें कैसे प्रकट हो गईं। वे परंपरावादी और रहस्यवादी दार्शनिक के अंदाज में कहते थे, “ऐसे ही होता है। हो गया तो हो गया।” वे ज्यादा बारीकी में नहीं जाते थे। पर अब कुंडलिनी योग की मदद से मैं इस शास्त्रीय उक्ति को ही सभी रहस्यों का मूल समझ रहा हूँ, “यत्पिण्डे तत्ब्रम्हांडे”। इसका मतलब है कि जो कुछ इस शरीर में है, वही सब कुछ ब्रम्हांड में भी है, इसके अतिरिक्त कुछ नहीं। इस उक्ति को पुस्तक”शरीरविज्ञान दर्शन” में वैज्ञानिक रूप से सिद्ध किया गया है। इसलिए प्राचीन दूरदर्शी ऋषियों ने शरीर का वर्णन करके ब्रम्हांड को समझाया है। वे गजब के शरीर वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक थे। दरअसल, एक आदमी कभी भी अपने मन या मस्तिष्क के अलावा कुछ नहीं जान सकता है, क्योंकि वह जो कुछ भी वर्णन करता है, वह उसके मस्तिष्क के अंदर है, बाहर नहीं।

सृष्टि रचना पुराणों में शरीर रचना से समझाई गई है

 कई जगह आता है कि शेषशायी विष्णु की नाभि से कमल पैदा हुआ जिस पर ब्रह्मा की उत्पत्ति हुई। उसी के मन ने सृष्टि को रचा। माँ को आप विष्णु मान सकते हो। उसका शरीर एक शेषनाग की तरह ही केंद्रीय तंत्रिका तंत्र के रूप में है, जो मेरुदंड में स्थित है। वह नाग हमेशा ही सेरेब्रोस्पाइनल फ्लुइड रूपक समुद्र में डूबा रहता है। उस नाग में जो कुंडलिनी या माँ के मन की संवेदनाएं चलती हैं, वे ही भगवान विष्णु का स्वरूप है, क्योंकि शक्ति और शक्तिमान भगवान में तत्त्वतः कोई अंतर नहीं। गर्भावस्था के दौरान जो नाभि क्षेत्र में माँ का पेट बाहर को उभरा होता है, वही भगवान विष्णु की नाभि से कमल का प्रकट होना है। विकसित गर्भाशय को भी माँ के शरीर की नसें-नाड़ियाँ माँ के नाभि क्षेत्र के आसपास से ही प्रविष्ट होती हैं। खिले हुए कमल की पंखुड़ियों की तरह ही गर्भाशय में प्लेसेंटोमस और कोटीलीडनस उन नसों के रूप में स्थित कमल की डंडी से जुड़े होते हैं। वे संरचनाएं फिर इसी तरह शिशु की नाभि से कमल की डंडी जैसी नेवल कोर्ड से जुड़ी होती हैं। ये संरचनाएं शिशु को पोषण उपलब्ध कराती हैं। यह शिशु ही ब्रह्मा है, जो उस खिले कमल पर विकसित होता है। शिशु का साम्यगुण रूप ही वह मूल प्रकृति है, जिसमें गुणों का क्षोभ नहीं है। पहले मैं समझा करता था कि साम्यावस्था का मतलब है कि सभी गुण (प्रकृति का आधारभूत घटक) एक-दूसरे के बराबर हैं। आज भी बहुत से लोग ऐसा समझते हैं। पर ऐसा नहीं है।अगर ऐसा होता तो मूल रूप में सभी जीव एक जैसे होते, पर वे प्रलय या मृत्यु के बाद भी अपनी अलग पहचान बना कर रखते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आत्मा के प्रकाश को ढकने वाले तमोगुण की मात्रा सबमें अलग होती है। इससे अन्य गुणों की मात्रा भी खुद ही अलग होती है। यदि तमोगुण ज्यादा है, तो उसी अनुपात में सतोगुण कम हो जाता है, क्योंकि ये एक-दूसरे के विरोधी हैं। दरअसल उसमें सभी गुण साम्यावस्था में अर्थात समान अवस्था में होते हैं। सभी गुणों का समान अवस्था में होने का या उनमें क्षोभ या लहरों के न होने का मतलब है कि सत्त्वगुण (प्रकाश व ज्ञान का प्रतीक) भी घटने-बढ़ने के बजाय एकसमान रहता है, रजोगुण (गति, बदलाव व ऊर्जा का प्रतीक) भी एकसमान रहता है, और तमोगुण (अंधकार व अज्ञान का प्रतीक) भी। इससे वह किसी विशेष गुण की तरफ लालायित नहीं होता। इसीलिए शिशु सबकुछ अनुभव करते हुए भी उदासीन सा रहता है। वह निर्गुण नहीं होता। क्योंकि गुणों में क्षोभ तभी पैदा हो सकता है, यदि गुण पहले से विद्यमान हों। निर्गुण या गुणातीत तो केवल भगवान ही होता है। इसलिए उसमें कभी गुण-क्षोभ सम्भव नहीं हो सकता है। इसीलिए ईश्वर हमेशा ही परिवर्तनरहित हैं। ईश्वर निर्गुण इसीलिए होता है, क्योंकि उसमें आत्म-अज्ञान से उत्पन्न तमोगुण नहीं होता। सभी गुण तमोगुण के आश्रित होते हैं। इसी वजह से तो पंचमकारी या वामपंथी तांत्रिक दुनियादारी और अध्यात्म दोनों में अव्वल लगते हैं। फिर शिशु के थोड़ा बड़ा होने पर चित्त या मस्तिष्क में वृत्तियों या संवेदनाओं के बढ़ने से गुणों में, विशेषकर सतोगुण में क्षोभ पैदा होता है, और वह प्रकाश की ओर आकर्षित होने लगता है। इससे सतोगुण रूप महत्तत्व अर्थात बुद्धि उत्पन्न होती है। उसे लगने लगता है कि उसकी सत्ता के लिए उसका रोना और दूध पीना कितना जरूरी है। उससे शिशु को अपने विशेष और सबसे अलग होने का अहसास होता है, जिसे अहंकार कहते हैं। इसप्रकार अहंकार की उत्पत्ति हो जाती है। उससे तन्मात्राओं की उत्पत्ति होती है। तन्मात्रा पंचमहाभूतों का सूक्ष्म रूप या अनुभव मात्र होती हैं, जिन्हें हम मस्तिष्क में अनुभव करते हैं। जैसे पृथ्वी की तन्मात्रा गंध, जल की रस, वायु की स्पर्श, अग्नि की रूप और आकाश की शब्द होती है। वह दूध के रस के स्वाद को पहचानने लगता है, खिलौने की गंध को पहचानता है, अपने किए मूत्र की गर्मी को स्पर्ष करता है, सुंदर-असुंदर रूप में अंतर समझने लगता है, घुंघरू या खिलौने की आवाज की ओर आकर्षित होता है। फिर शिशु बाहर की तरफ नजर दौड़ाता है कि ये अनुभूतियाँ कहाँ से आईं। उससे इन्द्रियों की उत्पत्ति होती है, क्योंकि वह चक्षु, कान, त्वचा, जीभ, नाक आदि इन्द्रियों की सहायता से ही बाहर को महसूस करता है। इसीके साथ मन रूप इन्द्रिय भी विकसित होती है, क्योंकि वह इसी से ऐसा सब सोचता है। इन्द्रियों से उपरोक्त पंचमहाभूतों की उत्पत्ति होती है, क्योंकि वह इन्द्रियों से ही उनको खोजता है और उन्हें अनुभव करता है। उसे पता चलता है कि दूध, खिलौना, घुंघरू आदि भौतिक पदार्थ भी दुनिया में हैं, जिन्हें वह इन्द्रियों से महसूस करता है। फिर आगे-2 जैसा-2 बच्चा सीखता रहता है, वैसी-2 सृष्टिरचना की उत्पत्ति आगे बढ़ती रहती है। इस तरह से एक आदमी के अंदर ही पूरी सृष्टि का विस्तार हो जाता है। 

कुण्डलिनी जागरण ही सृष्टि विकास की सीमा है

सृष्टि रचना का विस्तार आदमी कुंडलिनी जागरण के लिए ही करता है। यह तथ्य इस बात से सिद्ध होता है कि कुंडलिनी जागरण के बाद आदमी सृष्टि विस्तार से उपरत सा हो जाता है। उसका झुकाव प्रवृत्ति (दुनियादारी) से हटकर निवृत्ति (रिटायरमेंट) की तरफ बढ़ने लगता है। उसकी प्रवृत्ति भी निवृत्ति ही बन जाती है, क्योंकि फिर उसमें आसक्ति से उत्पन्न क्रेविंग या छटपटाहट नहीँ रहती। पर यह बात ध्यान देने योग्य है कि यह स्थिति मन की होती है, बाहर से वह पूरी तरह से दुनियादारी के कामों में उलझा हो सकता है। कुंडलिनी जागरण के बाद आदमी को लगता है कि उसने पाने योग्य सब कुछ पा लिया है, और करने योग्य सबकुछ कर लिया है। 

शिव पुराण के अनुसार सृष्टि रचना शिव के वीर्य से हुई

शिवपुराण में आता है कि प्रकृति रूपी योनि में शिव के वीर्यस्थापन से एक अंडे की उत्पत्ति हुई। वह अंडा 1000 सालों तक जल में पड़ा रहा। फिर वह बीच में से फटा। उसका ऊपर का भाग सृष्टि का कपोल बना। उससे ऊपर के श्रेष्ठ लोक बने। नीचे वाले भाग से निम्न लोक बने। 
दरअसल शिव यहाँ पिता है, और प्रकृति या पार्वती माता है। दोनों के वीर्य और रज के मिलन से गर्भाशय में अंडा बना। वह गर्भाशय के पोषक जल में लंबे समय तक पड़ा रहा और विकसित होता रहा। फिर वह फटा, अर्थात मनुष्याकृति में उससे अंगों का विभाजन होने लगा। उसमें ऊपर वाला भाग सिर या कपोल की तरह स्पष्ट नजर आया। उसमें सहस्रार चक्र, आज्ञा चक्र और विशुद्धि चक्र के रूप में ऊपर वाले लोक बने। नीचे के भाग में अन्य चक्रों के रूप में नीचे वाले लोक बने।